JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा रविवार 15 मार्च को जनपद के 28 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कड़ी निगरानी के बीच सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल एवं पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य कक्ष में बनाए गए कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया तथा कक्षाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों की गतिविधियों को देखा। साथ ही सीसीटीवी की 2 मिनट की रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने स्पष्ट कहा कि जनपद में किसी भी स्थिति में नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए कि डुप्लीकेट परीक्षार्थी किसी भी स्थिति में परीक्षा में शामिल न होने पाए, इसके लिए प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की गंभीरता से जांच कराई जाए। उन्होंने परीक्षा एजेंसी को भी निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को कक्ष में प्रवेश देने से पूर्व प्रवेश पत्र का गहन परीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, वॉइस रिकॉर्डर, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही यह सुनिश्चित कराया गया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहें। परीक्षार्थियों की जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन व अन्य सामान अलग कक्ष में जमा कराने की व्यवस्था भी देखी गई। नकल विहीन एवं पारदर्शी परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की तलाशी सावधानीपूर्वक ली गई। विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही लिए जाने के निर्देश दिए गए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा पुलिस के उच्च अधिकारी लगातार भ्रमण करते रहे।
परीक्षा नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि जनपद में कुल 9120 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। रविवार को आयोजित परीक्षा की प्रथम पाली में 5375 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 3745 अनुपस्थित पाए गए। वहीं द्वितीय पाली में 5326 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 3794 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेश कुमार, पुलिस अधीक्षक देहात डॉ. अरविंद कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए लगातार भ्रमणशील रहे।







