ETAWA NEWS: जैनपुर नागर मोहल्ले में जल निकासी की भारी समस्या के चलते स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। टूटी नालियों और नीची सड़कों के कारण गलियों में हमेशा गंदा पानी भरा रहता है। इससे न केवल राहगीरों बल्कि स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि प्राथमिक विद्यालय वाली सड़क पर बरसात में जलभराव आम बात हो गई है। टूटी नालियों से निकलकर गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है, जिससे राहगीरों को रोजाना संक्रमित पानी में से होकर गुजरना पड़ता है। स्थिति इतनी भयावह है कि कई लोग गंदे पानी में फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। सोमवार को विद्यालय आ रहीं प्रधानाध्यापिका पुष्पा यादव भी स्कूल गेट के सामने गिरकर चोटिल हो गईं।
स्थानीय लोगों की चिंता
राहुल ने बताया कि “सड़क पर हर समय गंदा पानी भरा रहता है, ईंटों के सहारे चलना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों को काफी दिक्कत होती है।”
हुकूम सिंह कहते हैं, “बरसात के दिनों में हालात और बदतर हो जाते हैं। बच्चे और बुजुर्ग अक्सर गिरते रहते है।”
विकास ने कहा, “अब तक कई लोग इस गंदे पानी में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बच्चों को स्कूल जाते वक्त सबसे ज्यादा परेशानी होती है।”
प्रशासन से गुहार
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने शीघ्र ही समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है।
इस संबंध में समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य शिवप्रकाश डीलर ने बताया कि जैनपुर नागर में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु टेंडर प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थिति में सुधार किया जाएगा।







