Home उत्तर प्रदेश जिला बार चुनाव: 1602 अधिवक्ताओं ने किया मतदान, आज होगी मतगणना

जिला बार चुनाव: 1602 अधिवक्ताओं ने किया मतदान, आज होगी मतगणना

बार चुनाव में हुआ भारी मतदान, उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में कैद

अध्यक्ष व महामंत्री पद पर कड़ा मुकाबला, परिणाम आज देर रात तक संभव

कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न
FATEHPUR NEWS:  (शीबू खान) डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर पिछले पखवारे से चल रही सरगर्मियां शुक्रवार को मतदान के साथ अपने चरम पर पहुंच गईं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। कुल 1921 अधिवक्ता मतदाताओं में से 1602 ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में कैद कर दिया। जिसकी मतगणना आज (शनिवार) को होनी तय है।
मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही अधिवक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। समर्थक अधिवक्ता अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे रहे। मतदान प्रक्रिया प्रातः 8 बजे से मुख्य चुनाव अधिकारी शिवकुमार अग्निहोत्री एवं सहायक चुनाव अधिकारियों की देखरेख में प्रारम्भ हुई, जो निर्धारित समय तक सुचारु रूप से चलती रही। मतदान सम्पन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जो शनिवार की सुबह से प्रारम्भ होगी जिससे देर रात तक परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है। मतदान के बाद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने हार-जीत के आंकलन भी शुरू कर दिए हैं, हालांकि इस बार कड़ा मुकाबला होने के कारण परिणाम का अनुमान लगाना कठिन माना जा रहा है। गौरतलब है कि इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए पांच तथा महामंत्री पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। सर्व समाज अधिवक्ता एवं व्यवस्था परिवर्तन संगठन से अध्यक्ष पद पर बाबू सिंह यादव तथा महामंत्री पद पर मो. शाहजहां, वहीं सर्व समाज अधिवक्ता संगठन से अध्यक्ष पद पर जगनायक सचान और महामंत्री पद पर अनिल कुमार श्रीवास्तव चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अतिरिक्त आदर्श अधिवक्ता संगठन के दो गुटों से भी उम्मीदवार मैदान में हैं। एक ओर विजय कुमार सिंह (अध्यक्ष) एवं अनुराग नारायण ‘पुत्तन’ मिश्रा (महामंत्री), तो दूसरी ओर रमेश चंद्र भदौरिया (अध्यक्ष) एवं धर्मेंद्र मिश्रा (महामंत्री) अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनके अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक शर्मा भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं। एसोसिएशन में कुल 21 पदों के लिए चुनाव हो रहा है, जिसमें अध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव प्रकाशन, पुस्तकालय प्रशासन के पदों के अलावा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्य के छह-छह पद शामिल हैं। इस संबंध में मुख्य चुनाव अधिकारी शिवकुमार अग्निहोत्री ने बताया कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और 1602 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अब सभी को परिणाम का इंतजार है, जो शनिवार को स्पष्ट हो जाएगा।