Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयी शिकायतों को  किया निस्तारित दिये दिशा...

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयी शिकायतों को  किया निस्तारित दिये दिशा निर्देश

समाधान दिवस में कुल 209 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 13 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण
PRAYAGRAJ NEWS:  जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील मेजा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिए निर्देशित किया है। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर तहसील में पोषण अभियान के अन्तर्गत 4 महिलाओं-सविता देवी, रचना कुमारी, कविता कुमारी, अंजली की गोदभराई एवं 3 बच्चों-दिव्यांशी, वेदांश एवं अर्पिता का अन्नप्राशन भी कराया। इसके साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं को लगाये जाने वाले टीको के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं को सुनते हुए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरण की जमीनी स्तर पर जांच कर शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने एवं प्रार्थनापत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई एवं समस्याओं के निस्तारण में विलम्ब होने पर सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में उपस्थित राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों को जनशिकायतों को गुणवत्ता के साथ शीघ्रता से निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया है।