Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने की बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा: पीएम श्री...

जिलाधिकारी ने की बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा: पीएम श्री स्कूलों पर विशेष फोकस

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य फोकस पीएम श्री स्कूल फेज वन और फेज टू में रह गई कमियों को दूर करने पर था। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को संबंधित उपजिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर बच्चों के जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, उन्होंने जूता, मोजा और ड्रेस के लिए डीबीटी के माध्यम से भेजी गई धनराशि का उपयोग सुनिश्चित कराने और अभिभावकों को प्रेरित करने के लिए भी कहा, ताकि बच्चे ड्रेस में स्कूल आएं। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में कम्पोजिट ग्रांट, स्पोर्ट्स ग्रांट, टीएलएम ग्रांट के व्यय और टीचिंग टाइम टेबल को अंकित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निपुण लक्ष्य के लिए जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और विद्यालयों की कमियों को खंड विकास अधिकारी के साथ समन्वय बनाकर दूर करने को कहा।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने पीएम श्री स्कूलों में मिड-डे मील शेड, टाइलिंग, छत मरम्मत, और बाउंड्री वॉल जैसे निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी पाई गई तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में जर्जर विद्यालयों के ध्वस्तीकरण और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों तथा पीएम श्री विद्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में नामांकन के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। इस समीक्षा बैठक में पीडीए नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा और समस्त खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।