Home उत्तर प्रदेश जाजेपुरा में मनरेगा घोटाले की शिकायत पर लोकपाल की जांच, दोषियों पर...

जाजेपुरा में मनरेगा घोटाले की शिकायत पर लोकपाल की जांच, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, ग्रामीणों में जगी उम्मीद की किरण

72
0

माधोगढ़ जालौन: ब्लॉक रामपुरा के ग्राम पंचायत जाजेपुरा में मनरेगा योजना के अंतर्गत हुए कथित घोटाले की शिकायत पर गुरुवार को लोकपाल गंगा सिंह सेंगर की अगुवाई में जांच टीम ने गांव पहुंचकर स्थलों का भौतिक सत्यापन किया। टीम ने मौके पर कार्यस्थलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया और योजनाओं की हकीकत को परखा। शिकायतकर्ता शिवम दुबे पुत्र रामखिलावन दुबे, निवासी जाजेपुरा, परगना माधौगढ़ द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान, तत्कालीन पंचायत सचिव और रोजगार सेवक पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। शिकायत में बताया गया कि पिछले वर्ष अक्टूबर माह में मनरेगा के तहत चकबंद निर्माण कार्य दर्शाया गया, जिसमें राजाराम के खेत से रघुनाथ के खेत तक और गुंतराम के खेत से लल्लू के खेत तक निर्माण कार्य किया गया दिखाया गया था। लेकिन उस समय खेतों में पानी भरा हुआ था, जिससे कार्य संभव ही नहीं था।

शिकायत में यह भी कहा गया कि इन कार्यों के नाम पर ₹5,80,000 और ₹1,70,000 की धनराशि का भुगतान कर लिया गया, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं हुआ। साथ ही मास्टर रोल में उन श्रमिकों के नाम दर्ज किए गए, जो उस समय गांव में उपस्थित ही नहीं थे और बाहर मजदूरी कर रहे थे।

लोकपाल गंगा सिंह सेंगर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से विस्तृत पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। लोकपाल ने बताया कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने लोकपाल की इस त्वरित जांच कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इस मामले में दोषियों को कठोर दंड मिलेगा, जिससे भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लग सके।