बस यूँ ही चला गया, 22 साल का जवान पल भर में मौत की गोद में समा गया
MIRZAPUR NEWS: सोमवार देर रात जिले के घंटाघर परिसर में एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।रामबाग कुरैश नगर निवासी, मशहूर ‘बाबू रोटी वाले’ के नट्टे रोटी वाले का 22 वर्षीय बेटा गोलू अपने दोस्तों के साथ घंटाघर परिसर में स्थित ट्यूबल के टैंक पर बैठा था। तभी पानी में गिरने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। गोलू घर में दो भाइयों में छोटा था। उसकी हंसती-खेलती ज़िन्दगी का अभी कोई अंत नहीं था। शाम को माँ से पैसे लेकर निकला था और सब यही उम्मीद कर रहे थे कि वह खाना खाने घर लौटेगा। परंतु रात होते-होते उसका शव घर पहुँचा। उसकी माँ बेहोश होकर चीख-चीखकर रोती रही “मेरा बच्चा… मेरा गोलू…”। पिता, भाई, बहन सब गहरे सदमे में हैं। हर किसी की आँखों में आँसू है। इस दुखद घटना ने परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया है। सूत्रों के अनुसार जलनिगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लगभग 20 फीट गहरे पानी के टैंक का ढक्कन पूरी तरह सुरक्षित नहीं था। बताया जा रहा है कि गोलू अपने दोस्तों के साथ टैंक पर बैठा था, तभी पटरा खिसक गया और वह गहरे पानी में चला गया। इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों और स्थानीय लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला और तुरंत जिला मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह हादसा सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना है। एक नौजवान जिसकी पूरी ज़िन्दगी सामने थी, वह यूँ बेवजह चला गया। जलनिगम की लापरवाही ने एक माँ की गोद खाली कर दी। हर कोई इस घटना से हैरान है।इतनी जल्दी कोई कैसे चला जाता है। मौके पर थाना शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक अपने हमराहियों के साथ मौजूद थे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्य में मदद की।







