जनपद के चिकित्सकों व मेडिकल व्यापारियों को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी
FATEHPUR NEWS: सोमवार को जनपद के चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों को जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश संगठन से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुस्कान डेंटल क्लीनिक के संचालक एवं समाजसेवी डॉ. विमल कुमार सिंह को संगठन की फ्रंटल इकाई चिकित्सा मंडल का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. विमल कुमार सिंह को मनोनयन प्रमाण पत्र सौंपते हुए जिले के सभी चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टोर संचालकों को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी दी। प्रदेश अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की है कि शीघ्र ही जिलाध्यक्ष सहित 21 पदाधिकारियों की जिला कमेटी का गठन कर एक कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों की उपस्थिति में मंच से घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही जिले के सभी नगरों और कस्बों में अध्यक्ष व उनकी कमेटियों का गठन कर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सभी व्यापारी एकजुट होकर अपनी समस्याओं का समाधान कर सकें। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य चिकित्सा व्यापार से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर व्यापार में आने वाली बाधाओं को दूर करना और समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाना है। मनोनयन कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक रायजादा (एडवोकेट), प्रदेश सचिव डॉ. अंगद सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ. चन्द्रशेखर लोधी, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।







