SIDHARTHNAGAR NEWS: ज़िले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में स्थापित की गई विज्ञान, तकनीकी, अभियांत्रिकी, गणित (स्टेम) लैब के सफल संचालन के लिए शिक्षकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। होटल शुभम पैराडाइज़ में आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने माँ सरस्वती की पूजा करके किया। यह स्टेम लैब बेसिक शिक्षा विभाग, कॉपर सर्जिकल और स्माइल फाउण्डेशन के सहयोग से स्थापित की गई है। इस लैब का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराना है। प्रशिक्षण में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन, स्टेट रिसोर्स पर्सन, वार्डन और गणित व विज्ञान की शिक्षिकाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हमें उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर बच्चों की बौद्धिक क्षमता में वृद्धि करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह स्टेम लैब छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में वरदान साबित होगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्टेम शिक्षा को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना है। इस दौरान समूह बनाकर तकनीकी शिक्षा और विचारों को साझा करने की रणनीति पर भी काम किया गया। इस मौके पर सुरेंद्र श्रीवास्तव (जिला बालिका शिक्षा समन्वयक), महेंद्र कुमार (खंड शिक्षा अधिकारी सदर), लालजी पांडे (उप प्राचार्य डायट), अंशुमान सिंह (स्टेट रिसोर्स पर्सन), अशिमा श्रीवास्तव (सीनियर मैनेजर) और स्माइल फाउण्डेशन की टीम भी मौजूद रही।







