LAKHIMPUR KHERI NEWS: तहसील अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी के लिए तीन पदों पर हुए मतदान में चंद्रकेश अध्यक्ष और मोहम्मद लतीफ खां मंत्री चुने गए। उपाध्यक्ष पद पर अरुण गुप्ता विजयी रहे। बाकी चार पदों के लिए पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों को वकीलों ने फूलमालाएं पहनाकर बधाई दी। निघासन वकील संघ की नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मंत्री तीन पदों पर सोमवार को मतदान हुआ। संघ के 139 सदस्यों में 136 ने वोट डाले। सुबह दस बजे से अपरान्ह तीन बजे तक चली वोटिंग के बाद वोटों की गिनती हुई। मुख्य चुनाव अधिकारी डीपी सिंह ने सहायक चुनाव अधिकारी मयंक वर्मा, रामकुमेश यादव तथा अन्य सहयोगियों की मदद से करीब सवा घंटे में वोटों की गिनती करके परिणाम घोषित कर दिए। अध्यक्ष पद पर 44 मत पाने वाले वीरेंद्र भदौरिया के मुकाबले चंद्रकेश 47 मतों के अंतर से जीत गए। इस पद पर एक मत अवैध निकला।
उपाध्यक्ष पद पर अरुण गुप्ता और सोनेलाल के बीच कांटे की टक्कर रही। हालांकि 78 मत पाकर अरुण गुप्ता 58 मत पाने वाले सोनेलाल से बीस मतों के अंतर से विजयी रहे। मंत्री पद पर तकरीबन एकतरफा मुकाबले में मो. लतीफ खां को बाकी दोनों प्रतिद्वंदियों के जोड़ से भी अधिक वोट मिले। मो. लतीफ को सत्तर, महेश पांडे को सैंतीस और राजू गिरि को 28 वोट मिले। एक वोट अवैध रहा। अंकेक्षक पद पर अखिल श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री पर सर्वेश यादव, वरिष्ठ कार्यकारिणी पद पर रमेश भार्गव तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य रमेश भारती पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं।







