Home उत्तर प्रदेश चार साल सत्ता सुख, अब भावनात्मक नाटक क्योंःत्रिलोकीनाथ

चार साल सत्ता सुख, अब भावनात्मक नाटक क्योंःत्रिलोकीनाथ

मंत्री संजय निषाद के आंसू पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष ने उठाए सवाल

BHADOHI NEWS:  कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ बिंद ने गोरखपुर में आयोजित सम्मेलन के दौरान सूबे के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद द्वारा मंच से भावुक होकर आंसू बहाने की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। कहा कि यह आंसू नहीं, बल्कि जनता की आंखों में धूल झोंकने का एक असफल प्रयास है। इस दौरान बिंद ने कहा कि पिछले चार वर्षों तक सत्ता की मलाई खाने और अपने परिवार के सुनियोजित विकास में जुटे रहने वाले मंत्री को आज अचानक समाज की पीड़ा याद आ रही है, यह अपने आप में बड़ा सवाल है। जिस तेजी से इन्होंने अपने परिवार और करीबियों को मजबूत किया, उसी गंभीरता से यदि समाज के उत्थान पर काम किया होता, तो आज यह नौटंकी करने की नौबत नहीं आती। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए सुख-सुविधाओं का पूरा आनंद लेना और जब जनता सवाल पूछे तो मंच से रोना-यह दोहरी राजनीति अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। जनता अब जागरूक है और दिखावे की राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है। श्री बिंद ने स्पष्ट कहा कि केवल आंसू बहाने से कुछ नहीं होगा। यदि वास्तव में समाज के प्रति जरा भी संवेदना बची है, तो तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे और भाजपा के खिलाफ खुलकर संघर्ष कीजिए। तभी यह साबित होगा कि आपकी लड़ाई सत्ता के लिए नहीं, बल्कि समाज के हक के लिए है।
उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में ऐसे अवसरवादी और दिखावटी नेताओं को करारा जवाब देगी।