Home उत्तर प्रदेश चमत्कारी अलम की जेयारत को उमड़े अकीदतमंद, मासूम सकीना की याद में...

चमत्कारी अलम की जेयारत को उमड़े अकीदतमंद, मासूम सकीना की याद में मातम

प्रदेश भर से पहुंचीं हजारों महिलाएं, मन्नतें मांग कर चढ़ाया नारियल व फूल, अंजुमन नासिरूल अजा की व्यवस्था

PRAYAGRAJ NEWS: क्षेत्र के कोराली गांव में चमत्कारी अलम की जेयारत के लिए हजारों अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। मासूम सकीना की शहादत की याद में आयोजित मजलिस में नौहाख्वानी, मर्सिया और मातम के साथ खिराजे अकीदत पेश किया गया। लंगर व सबील की व्यवस्थाओं ने पूरे आयोजन को भक्ति और सेवाभाव से भर दिया। कोराली गांव में मासूम सकीना के मोजेजाती अलम की जेयारत करने के लिए सुबह से ही प्रदेश भर से अकीदतमंद पहुंचने लगे थे। प्रतापगढ़, सुलतानपुर, राबरेली, लखनऊ, बनारस, जौनपुर, कौशांबी, फतेहपुर, भदोही, जलालपुर सहित विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में महिलाओं ने नारियल और फूल चढ़ाकर मन्नतें मांगी। माना जाता है कि यह अलम लगभग दो सौ वर्ष पुराना है, जिसे आयोजक सैयद जरगाम हुसैन के पूर्वजों को हैदराबाद में मिला था। जरगाम हुसैन ने बताया कि यह अलम मोजेजाती (चमत्कारी) है और सच्चे दिल से मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं। हर साल महिलाएं मन्नत उतारने यहां पहुंचती हैं। कार्यक्रम में शाम को आयोजित मजलिस में मशहूर जाकिरा इन्नमा जहरा ने मासूम सकीना की शहादत पर दर्दभरा खिताब किया। जिसे सुनकर माहौल गमगीन हो गया। नौहाख्वानी और मर्सिया के साथ अकीदतमंदों ने मातम कर खिराजे अकीदत पेश किया। अंजुमन नासिरूल अजा के सचिव अली हैदर ने बताया कि गांव के लोगों ने अपने घरों के दरवाजे जायरीनों के लिए खोल दिए थे। भोजन, पानी और ठहरने की व्यवस्था गांववासियों द्वारा की गई थी। यहां हसीन फातिमा, नफीस फातिमा, इरम बानो, तनजीम जहरा, ततहीर फातिमा, राना बानो, जरीना बानो आदि युवतियां जायरीन की व्यवस्था में लीन रहीं।