SIDDHARTHNAGAR NEWS: बाल विकास विभाग द्वारा बुधवार को ग्राम पंचायत औंरहवा में टीकाकरण सत्र के अवसर पर गर्भवती महिलाओं के लिए ‘गोद भराई’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। ‘गोद भराई’ की पारंपरिक रस्म के साथ-साथ, विभाग की ओर से पौष्टिक आहार, आयरन की गोलियाँ, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और प्रेरणादायक संदेश भी दिए गए। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव ने अपने उद्बोधन में कहा, ‘गर्भवती महिलाओं का समुचित पोषण और देखभाल ही स्वस्थ शिशु और स्वस्थ समाज की आधारशिला है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रत्येक महिला को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और समय पर आवश्यक देखभाल प्राप्त हो सके।’ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उपस्थित महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना और पोषण अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। स्थानीय आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं ने भी गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और खानपान के महत्व पर विशेष बल दिया। सीडीपीओ रविंद कुमार यादव ने ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इनसे जागरूकता में वृद्धि होती है और समाज में सकारात्मक संदेश का संचार होता है। यह कार्यक्रम गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और शिशु के बेहतर भविष्य के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।







