Home उत्तर प्रदेश गोवंश की देखभाल में लगे कर्मियों का समय से करें भुगतानःमहेश शुक्ला

गोवंश की देखभाल में लगे कर्मियों का समय से करें भुगतानःमहेश शुक्ला

उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक
BHADOHI NEWS:  उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल और सदस्य दीपक गोयल मंगलवार को जिले में भ्रमण के लिए पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में महेश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक हुई। इस दौरान सीडीओ बालगोविंद शुक्ल ने बताया कि जनपद में मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत वर्तमान मे 28 स्थाई गो-आश्रय स्थल, 3 वृहद गो-संरक्षण केंद्र एवं एक कान्हा गौशाला संचालित हैं, जिनमें कुल 4415 गोवंश संरक्षित एवं पोषित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 567 प्रगतिशील पशुपालकों ने 1465 गोवंश को अपनाकर सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। सभी गो-आश्रय स्थलों की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए संबंधित थानों की पुलिस को भी नियमित रूप से निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री नेतत्व में सरकार गौ-सेवा को केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय, सामाजिक एवं आध्यात्मिक उत्तरदायित्व के रूप में स्वीकार करते हुए सतत कार्य कर रही है। उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य हैं जहा निराश्रित गोवंश के भरण पोषण के लिए सरकार 50 रुपए की दर से धनराशि उपलब्ध करा रही है। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी गौ-संरक्षण नीति के अंतर्गत वर्तमान में राज्य के विभिन्न जनपदों में 7700 से अधिक गौ-आश्रय स्थल सक्रिय रूप से संचालित हो रहे है। इन आश्रय स्थलों में 16 लाख से अधिक गोवंश को सुरक्षित आवास, नियमित आहार, स्वच्छ पेयजल तथा आवश्यक पशु-चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। स्थाई एवं अस्थायी गो-आश्रय स्थलों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई। श्री शुक्ला ने निर्देश दिए कि गोवंश की देखभाल में लगे कर्मियों का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए तथा उनका मानदेय मनरेगा द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के अनुरूप दिया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोशालाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही सभी गो-आश्रय स्थलों पर पौधारोपण सुनिश्चित कराने के लिए प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देश दिए गए। उन्होंने हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त पशुओं को तत्काल निकटतम गो-आश्रय स्थल में सुरक्षित रखने तथा एसडीएम ज्ञानपुर को सागर-रायपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर गोवंश संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एएसपी शुभम अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित जनपद स्तरीय संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।