निरीक्षण में लेबर रूम से लेकर लैब तक में मिलीं कमियां, फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन को भी नोटिस
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने गुरुवार को बांसी ब्लॉक के नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) गोनहाडीह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अव्यवस्थाएं सामने आने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जाहिर की और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
लेबर रूम के निरीक्षण में स्टाफ नर्स अनुपस्थित मिलीं, जिस पर जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। लेबर रूम रजिस्टर देखने पर केवल तीन डिलीवरी दर्ज होने पर उन्होंने फार्मासिस्ट अमित कुमार को कड़ी फटकार लगाई और उनसे तुरंत स्पष्टीकरण मांगा। डीएम ने निर्देश दिया कि प्रतिमाह कम से कम 20 डिलीवरी होनी चाहिए। लैब का निरीक्षण करने पर एचबी किट गायब मिली, जिसके लिए जिलाधिकारी ने लैब टेक्नीशियन सतीश राय को नोटिस देने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी नाराजगी जताई कि मरीजों का मोबाइल नंबर रजिस्टर में क्यों नहीं लिखा गया था।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इलाज के लिए आए बच्चों से भी बात की और उन्हें ड्राई फ्रूट किट दी। उन्होंने ग्राम प्रधानों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर लोगों को परिवार नियोजन और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूक करने और बैठक की फोटो भेजने का भी निर्देश दिया।







