LAKHIMPUR KHERI NEWS: ईरान अमेरिका इजरायल महा युद्ध के चलते पिछले कई दिनों से एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत बनी हुई है।उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। पलिया थाना क्षेत्र में एक गैस एजेंसी के गोदाम से 108 एलपीजी सिलेंडर चोरी हो गए। चोरों ने गोदाम की दीवार काटकर और गेट तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गैस एजेंसी संचालक और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि मोहम्मदी क्षेत्र के राजापुर बेनी गांव निवासी अमिष सिंह की पत्नी करुणा सिंह के नाम से दुधवा रोड स्थित सिंघहिया मोहल्ले में करुणा गैस एजेंसी संचालित है। इसका गोदाम मकनपुर रोड पर स्थित है। शुक्रवार रात चोरों ने इसी गोदाम को निशाना बनाया। उन्होंने पहले गोदाम की दीवार काटी और गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया।एजेंसी संचालक के अनुसार, चोरी हुए सिलिंडरों में 98 भरे हुए और 10 खाली सिलिंडर शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में सिलिंडरों को बिना किसी वाहन के ले जाना संभव नहीं है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोर किसी बड़े वाहन का इस्तेमाल कर फरार हुए।घटना की जानकारी शनिवार सुबह करीब सात बजे हुई, जब गोदाम कर्मचारी रितेश कुमार वहां पहुंचे। गोदाम की दीवार टूटी और सिलिंडर गायब देखकर उन्होंने तुरंत एजेंसी संचालक करुणा सिंह को सूचना दी। इसके बाद करुणा सिंह ने पलिया कोतवाली में पुलिस को तहरीर देकर सिलिंडरों की जल्द बरामदगी की मांग की।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। एक ओर आम लोग रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर इतनी बड़ी चोरी ने पुलिस और गैस डीलरों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पलिया क्षेत्राधिकारी जितेंद्र परिहार ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








