सड़क पर जलभराव की समस्या से नाराज राहगीर
AMETHI NEWS: विकास खंड क्षेत्र के गैरिकपुर घटकौर संपर्क मार्ग लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। थोड़ी सी बारिश में सड़क तालाब का रूप धारण कर लेती है और स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों लिए भी मुसीबत बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन चार साल से यह समस्या बनी हुई है। हर साल ग्रामीणों को इसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सडक पर जमा हो जाता है। कई बार यह जलभराव दो से तीन फीट तक हो जाता है। इस कारण सड़क पर पैदल चलना तो दूर, छोटे-बड़े वाहनों का आना-जाना भी दूभर हो जाता है। गौरतलब है कि यह सड़क भांई भादर सड़क से घटकौर गांव को जोड़ती है। क्षेत्र के लिए यही एकमात्र संपर्क मार्ग है, जिससे रोजाना दर्जनों वाहन तथा सैकड़ों छात्र छात्राएं गुजरते हैं। इस सड़क की हालत के कारण वाहनों की आवाजाही ही नहीं बल्कि आपातकालीन सेवाएं जैसे एंबुलेंस भी प्रभावित हो रहे हैं। इससे आवागमन में परेशानी के के साथ ही जलजनित रोगों का खतरा भी बढ़ गया है। मनोज सिंह, राधेश्याम यादव, जवाहरलाल जायसवाल,जगलाल, गिरधारी यादव,राम सेवक, त्रिवेणी मौर्या, विजय मौर्य,राम सजीवन, रज्जू रैदास सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इस बारे में विभागीय अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया, आग्रह किए, लेकिन हर बार केवल आश्वासनों के सिवा कुछ नहीं मिला। स्थानीय निवासी बताते हैं कि बरसात के मौसम में जब सड़क पर पानी भरता है, तब लोगों को अपने घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। बच्चों की स्कूल जाने की राह मुश्किल हो जाती है, बुजुर्गों और बीमारों के लिए अस्पताल पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द इस सड़क पर जल निकासी की व्यवस्था की जाए और इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके। बोले, विभागीय चुप्पी और निष्क्रियता अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







