PRATAPGARH NEWS: थाना कोहंडौर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, इस कार्रवाई में बीट आरक्षी राहुल कुमार की सतर्कता और मुस्तैदी निर्णायक साबित हुई। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम परसुपुर से गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्त मनीषराज यादव पुत्र स्व. गंगाराम यादव निवासी लौली पोख्ता खाम, थाना कोहंडौर को गिरफ्तार किया गया है, मनीषराज पर हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे कुल चार गंभीर अपराध दर्ज हैं। बीट आरक्षी राहुल कुमार ने लगातार अभियुक्त पर पैनी नजर बनाए रखी और सटीक सूचना के आधार पर कोहंडौर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी प्रतापगढ़ ने अपराधी की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाले आरक्षी राहुल कुमार को पुरस्कृत करने की घोषणा की है, उन्हें ईनाम व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। जनपद में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए बीट पुलिसिंग को सशक्त किया जा रहा है, कोहंडौर पुलिस की इस कार्रवाई को पुलिस प्रशासन द्वारा अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।







