Home उत्तर प्रदेश गेहूं की बायोफोर्टिफाइड प्रजाति डीबीडब्ल्यू-371 के क्लस्टर प्रदर्शन का किया गया भ्रमण

गेहूं की बायोफोर्टिफाइड प्रजाति डीबीडब्ल्यू-371 के क्लस्टर प्रदर्शन का किया गया भ्रमण

वैज्ञानिकों ने बताया—अधिक कल्ले, लंबी बालियां और बेहतर उत्पादन की संभावना
FATEHPUR NEWS:  कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव द्वारा आयोजित समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन (सीएफएलडी) कार्यक्रम के तहत गेहूं की बायोफोर्टिफाइड प्रजाति डीबीडब्ल्यू-371 के प्रदर्शन प्लॉट का भ्रमण किया गया। इस दौरान कृषि वैज्ञानिक डॉ. जितेंद्र सिंह, मौसम प्रेक्षक विवेक दुबे तथा असोथर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक जयदेव सिंह ने किसानों के साथ खेतों का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान पाया गया कि अन्य प्रजातियों की तुलना में डीबीडब्ल्यू-371 में अधिक कल्ले, लंबी और मोटी बालियां तथा एक समान फसल दिखाई दे रही है, जिससे बेहतर उत्पादन की संभावना जताई जा रही है। वैज्ञानिकों ने बताया कि इस प्रजाति में प्रोटीन और जिंक की मात्रा अधिक होती है, जो पोषण की दृष्टि से भी काफी लाभकारी है। कृषि वैज्ञानिकों ने सुझाव दिया कि इस प्रजाति के बीज को एफपीओ के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाकर क्षेत्र में इसका विस्तार किया जाए। प्रदर्शन प्लॉट में फसल पर नैनो डीएपी का भी प्रयोग किया गया है। असोथर एफपीओ के निदेशक जयदेव सिंह ने बताया कि विभिन्न गोष्ठियों और एफपीओ बैठकों में आने वाले किसानों को प्रदर्शन प्लॉट का भ्रमण कराया जाता है, ताकि वे नई उन्नत किस्मों और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने क्षेत्रीय किसानों से भी प्रदर्शन प्लॉट का भ्रमण करने की अपील की है।