MIRZAPUR NEWS: गुरुदेवनगर आश्रम में बुधवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने मठ गड़वाघाट के स्वामी सरणानंद जी महाराज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। समारोह के दौरान आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण था। श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ से स्वामी सरणानंद जी महाराज का स्वागत किया। मंच पर विराजमान गुरुजी ने सभी भक्तों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए सभी को मिलजुल कर समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखना चाहिए। कार्यक्रम में भक्ति गीतों और सत्संग के माध्यम से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। भक्तों ने गुरुजी के चरणों में नमन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका। इस अवसर पर आश्रम के सेवादारों और आयोजकों ने भी व्यवस्था संभाली।उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कीं। कार्यक्रम में हरिध्यानानंद, चरणध्यानानंद, ब्रह्मविद्यानंद, विशाल सेवानंद, भगवत दर्शनानंद, सहज प्रकाशानंद, धर्मजोगानंद सहित नयनदास, रामप्रवेश यादव, गणेश विश्वकर्मा और ओम जी तिवारी जैसे भक्त उपस्थित रहे।







