पंच कुंडी महायज्ञ, देव पूजन, वांग देवी सरस्वती पूजन और भंडारे का हुआ आयोजन
BHADOHI NEWS: गायत्री परिवार ने शुक्रवार को पीरखापुर में बसंत पंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर पंच कुंडी गायत्री महायज्ञ, देव पूजन, वांग देवी सरस्वती पूजन और भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस दौरान गायत्री परिवार बसंत पंचमी को अपने गुरु पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के आध्यात्मिक जन्मदिन के रूप में मनाता है। इसी दिन उनके गुरु श्री सर्वश्रेश्वरानंद सरस्वती ने उन्हें दर्शन देकर विशाल गायत्री परिवार की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया था। कार्यक्रम में पधारे गायत्री परिवार के जिला समन्वयक राजेंद्र यादव ने लोगों को अपने अंदर देवत्व जगाने और आसुरी प्रवृत्तियों को त्यागने का संकल्प दिलाया। रामराज सिंह ने गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया, जबकि चंद्रशेखर मौर्य ने योग गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एक महिला मंडल का भी गठन किया गया। इसमें पांच बहनों ने गायत्री परिवार के कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। महिला मंडल में प्रीति शर्मा और पूजा जायसवाल को संचालिका बनाया गया है। दीपा जायसवाल, गीता मौर्य, संगीता देवी और सरिता मौर्य भी इस मंडल में शामिल हैं। इस मौके पर शरद शर्मा, पंकज गुप्ता, आकाश मौर्य, शिलवंता यादव, शुभम, करन, कन्हैया, प्रकाश, चंदन, गोलू, प्रज्ञा मौर्य, सुहानी मौर्य, अर्चना मौर्य, सुभा चंद्र मौर्य, आशीष चैहान और गुरुशरण राय सहित कई परिजन उपस्थित रहे।







