MIRZAPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘गांव चलो अभियान’ के तहत शुक्रवार को विकासखंड राजगढ़ मड़िहान के ग्राम खम्हवा जमुती, मंडल सतेशगढ़ में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने अनुसूचित बस्ती में घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की नौ साल की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों से संवाद करते हुए विधायक पटेल ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने गांव के वरिष्ठजनों को अंगवस्त्र एवं बुकलेट भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष चंद्रमणि सिंह, गोविंद सिंह, ऋषिकेश सिंह, महामंत्री हरिकेश सिंह सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।







