SIDHARTHNAGAR NEWS: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (02 अक्टूबर) समारोह को सफलतापूर्वक और गरिमापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। एडीएम श्रीवास्तव ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांधी जयंती समारोह को पूरी सादगी एवं सम्मानपूर्वक आयोजित किया जाए। एडीएम ने निर्देश दिए कि 01 अक्टूबर को ही सभी सरकारी भवनों, चौराहों पर लगी मूर्तियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के स्तंभों की साफ-सफाई संबंधित नगरपालिका/नगर पंचायत के अधिकारी सुनिश्चित करें। 02 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कार्यालयों, विद्यालयों और अन्य संस्थानों में विभागाध्यक्ष महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण करेंगे और उनके जीवन मूल्यों तथा राष्ट्रीय एकता-अखंडता पर प्रकाश डालेंगे। समस्त उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों की स्वच्छता सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए, एडीएम श्रीवास्तव ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर क्रीड़ा स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए क्षेत्राधिकारी सदर, डीआईओएस, बीएसए और जिला खेल अधिकारी संयुक्त रूप से जिम्मेदार होंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी को सीएमओ से समन्वय स्थापित कर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रातः 10 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय के सभी वार्डों में विशेष सफाई व्यवस्था, मरीजों में फल वितरण और ब्लड बैंक पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। इसी समय नगरपालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों द्वारा मलिन बस्तियों की सफाई कराई जाएगी, जिसकी निगरानी संबंधित एसडीएम करेंगे। इसके अतिरिक्त, ग्राम सभाओं में खुली बैठकें आयोजित कर ‘हर घर जल’ कार्यक्रम और जल संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा होगी, साथ ही घाटों पर दीप प्रज्वलन और वृक्षारोपण कराया जाएगा। एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पूरे मनोयोग के साथ मनाई जाए। बैठक में पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, डीआईओएस अरूण कुमार सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







