JAUNPUR NEWS: गौराबादशाहपुर क्षेत्र में गर्भाशय मुख के कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मानव पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला स्तर पर प्रशिक्षण के बाद अब विकास खंड स्तर पर स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों तक यह टीका पहुंचाया जा सके। शनिवार को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर चोरसंड में अधीक्षक डॉ०श्रवण कुमार यादव ने अस्पताल आए करीब 48 मरीजों व उनके परिजनों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। वहीं प्राइमरी हेल्थ सेंटर धर्मापुर में प्रभारी डॉ०इंद्रजीत यादव ने 28 मरीजों और उनके साथ आए लोगों को इस टीके के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए अपनी बच्चियों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. श्रवण कुमार यादव ने बताया कि जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ०प्रभात कुमार के मार्गदर्शन में धर्मापुर विकास खंड और नगर पंचायत गौराबादशाहपुर के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों को यह टीका लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह टीका भविष्य में होने वाले गर्भाशय मुख के कैंसर से बचाव के लिए बेहद प्रभावी है और इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। यह टीका जीवन में केवल एक बार लगाया जाता है। इस दौरान अधीक्षक ने बैठक कर अधीनस्थ कर्मचारियों, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में टीकाकरण को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर रोक लगाएं और अधिक से अधिक पात्र बच्चियों का टीकाकरण सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में निरीक्षण अधिकारी विनोद जोशी, सहायक लेखा अधिकारी अभिषेक मौर्य, विनय बहादुर, डॉ०इंद्रजीत यादव, अमित साहू, राजेश कुमार समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।







