Home उत्तर प्रदेश गंगा का जल स्तर बढ़ने से लोग पहुंचे राहत शिविर, लोगों ने...

गंगा का जल स्तर बढ़ने से लोग पहुंचे राहत शिविर, लोगों ने बताई अव्यवस्था

स्थानीय प्रशासन ने कहा कि सुविधाएं दी जा रही हैं

FATEHPUR NEWS: जनपद के मलवा विकास खंड में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। इससे आशापुर और अभयपुर क्षेत्र के 12 गांव प्रभावित हुए हैं।
नया खेड़ा, बिंदकी फॉर्म, जाड़ेकापुरवा और पचघरा से लगभग 30 परिवार बाढ़ राहत शिविर महुआ घाट पहुंचे हैं। प्रभावित परिवार बांस-बल्ली लगाकर अस्थायी आश्रय बना रहे हैं। पंचघरा निवासी श्री राम ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चे भूखे हैं। कल खाना मिला था, लेकिन आज अभी तक नहीं मिला है। बारिश की स्थिति में बच्चों और सामान के भीगने की चिंता है। कई परिवारों के पास तिरपाल भी नहीं है। प्रभावित लोगों में से भोला, अचल बहादुर और परशुराम ने बताया कि गंगा का पानी पिछले दिनों की तुलना में बढ़ गया है। घरों में पानी घुसने से वहां रहना मुश्किल हो गया है। मवेशियों के लिए चारे की भी समस्या है।
तहसीलदार अचलेश सिंह ने कहा कि पिछले दिनों कुछ लोगों को तिरपाल दिया गया था। प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था की जा रही है। जिन्हें तिरपाल नहीं मिला है, उन्हें दिया जाएगा। लेखपाल शुभम सिंह के अनुसार, शिविर में पहुंच रहे लोगों की पहचान कर तिरपाल वितरण किया जाएगा। प्रशासन बढ़ते जलस्तर पर लेखपालों की टीम के साथ नजर रख रहा है।