सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दयालू के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन
कटरी क्षेत्र के सैकड़ों किसान प्रभावित, भारी नुकसान की आशंका
FATEHPUR NEWS: गंगा नदी में अचानक जलस्तर बढ़ जाने से तटवर्ती कटरी क्षेत्रों में बोई गई हरी सब्जियों की फसल बर्बाद हो गई, जिससे सैकड़ों किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल ‘दयालू’ गुप्ता के नेतृत्व में किसानों ने तहसील पहुंचकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और प्रभावित किसानों के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। तहसील परिसर में दोपहर करीब 1:30 बजे पहुंचे किसानों ने नायब तहसीलदार रचना यादव को दिए गए ज्ञापन में बताया कि बिंदकी क्षेत्र के गंगा कटरी इलाके में किसानों द्वारा उगाई गई हरी सब्जियां—जैसे टिंडा, तरबूज, लौकी, कद्दू, ककड़ी और खीरा—अचानक पानी बढ़ने से पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और वे आर्थिक संकट में आ गए हैं। ज्ञापन में कहा गया कि हरी सब्जी की खेती से जुड़े सैकड़ों किसान प्रभावित हुए हैं, जिनकी आजीविका पूरी तरह इस फसल पर निर्भर थी। फसल बर्बाद होने के कारण उनके सामने रोजमर्रा के खर्च और अगली खेती की तैयारी करना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में प्रशासन द्वारा शीघ्र सर्वे कराकर मुआवजा प्रदान किया जाना बेहद जरूरी है। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल ‘दयालू’ गुप्ता ने बताया कि मालवा ब्लॉक की लहंगी ग्राम पंचायत के अंतर्गत देवमई, किशुनपुर, लौकहन खेड़ा, भगना खेड़ा सहित अन्य गांवों के किसान प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा गुनीर ग्राम पंचायत के बक्सरियन खेड़ा तथा तेलियानी ब्लॉक के खानपुर, हाजीपुर गंगा आदि गांवों में भी हरी सब्जी की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस आर्थिक संकट से उबर सकें। इस मौके पर किसान विजयपाल उर्फ पहाड़ी, वासुदेव उर्फ लल्ला भाई, मुन्ना निषाद, अमित निषाद, चंद्रशेखर सविता, अमित कुशवाहा, कमल किशोर, महंगू निषाद, मनोज कुमार, राहुल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।







