ETAWA NEWS: खेत की मेड़ को लेकर हुए मामूली विवाद ने शुक्रवार को एक वृद्ध किसान की जान ले ली। बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खांडेराव निवासी 70 वर्षीय बालभ्यासी दोहरे की बगल के गांव नगला सबसुख के एक किसान ने डंडा मारकर हत्या कर दी। वृद्ध को जिस खेत को लेकर विवाद था, वह उन्हें वर्षों पहले पट्टे पर मिला था और तब से वह उसमें खेती करते आ रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बालभ्यासी खेत पर पहुंचे तो देखा कि खेत में मेड़ डाली गई है। उन्होंने उसे पैरों से हटाने की कोशिश की,तभी नगला सबसुख निवासी युवक वहां आ पहुंचा। पहले कहासुनी हुई,फिर धक्का-मुक्की के बाद युवक ने वृद्ध को डंडे से पीट दिया।गंभीर रूप से घायल बालभ्यासी पास के खेत में गिर पड़े और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।करीब ग्यारह बजे नगला खांडेराव निवासी एक युवक खेत के रास्ते से गुजर रहा था, जिसने वृद्ध को पड़ा देखा और गांव में जाकर परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो बालभ्यासी मृत अवस्था में मिले।तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। जिस पर बकेवर थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी मय फोर्स मौके पर पहुंचे।बाद में एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र व सीओ भरथना अतुल प्रधान भी मौके पर पहुंचे और जांच की।मृतक के पुत्र शिववीर ने नगला सबसुख निवासी एक व्यक्ति पर पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ दिनों से खेत की मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि खेतों पर दो लोगों के मध्य मेड को लेकर विवाद हुआ है जिसमे एक व्यक्ति द्वारा वृद्ध के साथ मारपीट कर दी गयी जिससे वृद्ध की मौत हो गयी। शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा मृतक के परिजन की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर किया जा रहा है।







