होली-ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, SDM व नायब तहसीलदार ने शांति बनाए रखने की अपील
JAUNPUR NEWS: आगामी होली व ईद पर्व को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना खेतासराय परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, नगर पंचायत खेतासराय के चेयरमैन, होली व ईद कमेटी के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (SDM) ने की, जबकि थाना प्रभारी निरीक्षक एवं समस्त थाना स्टाफ भी मौजूद रहा। इस दौरान नायब तहसीलदार ने भी सहभागिता करते हुए पर्वों के दौरान आपसी भाईचारे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। उपस्थित अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। नगर पंचायत चेयरमैन व दोनों पर्व समितियों के अध्यक्षों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि खेतासराय की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए सभी लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएंगे। थानाध्यक्ष ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में शांति, सौहार्द और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया।







