भारतीय संस्कृति व गौ-सेवा पर आधारित फिल्म को मिली सराहना
JHANSI NEWS: यथार्थ ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. कपिल त्यागी ने हिंदी फिल्म ‘गोदान’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। नोएडा में आयोजित भव्य प्रीमियर के बाद फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। इस उपलब्धि से नगर एवं क्षेत्र में खुशी और गर्व का वातावरण है। फिल्म में डॉ. कपिल त्यागी ने गो अनुसंधान केंद्र, फरह (मथुरा) के निदेशक का सशक्त एवं प्रभावशाली किरदार निभाया है। उनके अभिनय में गंभीरता, संवेदनशीलता तथा विषय के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। प्रीमियर शो के दौरान उपस्थित दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने उनके अभिनय की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
नगर स्थित खिलौना टॉकीज में फिल्म का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें यथार्थ हॉस्पिटल की पूरी टीम ने सामूहिक रूप से फिल्म देखी। इस अवसर पर यथार्थ हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर नितिन चौधरी, जनरल मैनेजर विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. त्यागी के अभिनय की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। फैसिलिटी डायरेक्टर नितिन चौधरी ने कहा कि ‘गोदान’ केवल मनोरंजन प्रधान फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, गौ-माता के महत्व और मानवीय जीवन मूल्यों पर आधारित एक सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना की फिल्म है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसी फिल्मों की आवश्यकता है, जो समाज को अपनी परंपराओं और जड़ों से जोड़ने का कार्य करें। वहीं जनरल मैनेजर विकास कुमार ने फिल्म को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह सकारात्मक सोच और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देती है। उनके अनुसार यह फिल्म परिवार के साथ देखे जाने योग्य है तथा युवाओं के लिए विशेष रूप से प्रेरक है।
फिल्म ‘गोदान’ की कहानी एक आधुनिक वैज्ञानिक के जीवन पर आधारित है, जिसकी सोच और जीवनशैली में उस समय बड़ा परिवर्तन आता है, जब उसके जीवन में गौ-माता का प्रवेश होता है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जीवन जीने वाला पात्र धीरे-धीरे भारतीय परंपराओं, पंचगव्य चिकित्सा, प्राकृतिक जीवनशैली और गौ-सेवा के महत्व को समझता है। नगरवासियों का कहना है कि डॉ. कपिल त्यागी ने इस फिल्म में भाग लेकर न केवल अपने अभिनय कौशल का परिचय दिया है, बल्कि गौ-रक्षा और भारतीय संस्कृति से जुड़े संदेश को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है। उनकी इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि डॉ. कपिल त्यागी, स्व. प्रेम नारायण त्यागी के पुत्र हैं। विशेष प्रदर्शन के दौरान अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने फिल्म को समाज के लिए सार्थक, प्रेरणादायक एवं सांस्कृतिक चेतना जागृत करने वाली बताया।







