Home उत्तर प्रदेश खाद की हो रही है तस्करी,किसान परेशान: शैलू सिंह

खाद की हो रही है तस्करी,किसान परेशान: शैलू सिंह

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) विधानसभा गैंसड़ी से भाजपा के पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने खाद वितरण की समस्या को लेकर कहा कि जिला प्रशासन सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रहा है। पूर्व विधायक ने प्रेस नोट जारी कर खाद तस्करी, वितरण में भेदभाव और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में खाद की कोई कमी नहीं है। लेकिन बलरामपुर जनपद में किसानों को खाद के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। शैलू सिंह ने आरोप लगाया कि समितियों पर 400 से 500 किसान रोज लाइन में खड़े होते हैं। वहां मात्र 200 बोरी यूरिया ही भेजी जा रही है। उनके अनुसार जानबूझकर सीमित आवंटन करके किसानों को परेशान किया जा रहा है।
पिछले वर्षों की तुलना में अधिक खाद आवंटन
उन्होंने बताया कि गैंसड़ी विधानसभा क्षेत्र में इस बार 1 अगस्त तक पिछले वर्षों की तुलना में अधिक खाद आवंटन हुआ है। फिर भी किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।इसके पीछे प्रशासन की नाक के नीचे चल रही खाद की तस्करी जिम्मेदार है।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि बिशुनपुर विश्राम सहकारी समिति पर सचिव की मिलीभगत से समाजवादी पार्टी से जुड़े नेताओं द्वारा खाद को गलत तरीके से वितरित कराया जा रहा है ताकि बॉर्डर एरिया में अधिक दाम पर बेचा जा सके। शैलू ने दावा किया कि जिन लोगों को खाद मिली है, उनके पास 2 से 6 बीघा जमीन है फिर भी उन्हें 25-25 बोरी खाद दी गई है। वहीं थारु जनजाति के जरूरतमंद किसान खाली हाथ लौट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन खाऊ-कमाऊ नीति पर चल रहा है और सपा नेताओं की मिलीभगत से प्रदेश सरकार की छवि धूमिल करने की साजिश रच रहा है।