समाजवादी पार्टी 20 अगस्त को डीएम को सौंपेगी ज्ञापन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
SIDHARTHNAGAR NEWS: समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’ ने शोहरतगढ़ में आयोजित एक प्रेस वार्ता में सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने खाद की कालाबाजारी, जर्जर सड़कों, बिजली बिलों की विसंगतियों और सपा कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन जन समस्याओं के विरोध में 20 अगस्त को जिला मुख्यालय पर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा जाएगा। मिश्रा ने कहा कि शोहरतगढ़ क्षेत्र में किसान खाद के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर खाद को अवैध रूप से नेपाल भेजा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में जल जीवन मिशन के नाम पर जो सड़कें खोदी गई थीं, उनकी मरम्मत नहीं की गई है, जिससे बारिश में आवागमन बाधित हो गया है। इसके अलावा, उन्होंने थानों में सपा कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न और बिजली बिलों से जनता के त्रस्त होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए शोहरतगढ़ के जोनल और सेक्टर प्रभारी सघन जनसंपर्क कर रहे हैं। प्रेस वार्ता में अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष शकील शाह, राष्ट्रीय सचिव जय करन गौतम और मसूद खान समेत कई प्रमुख सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







