Home उत्तर प्रदेश खाद की कालाबाजारी के खिलाफ रिटेलरों का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

खाद की कालाबाजारी के खिलाफ रिटेलरों का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले में खाद की मनमानी कीमतों और कालाबाजारी से नाराज सैकड़ों खुदरा खाद विक्रेताओं (रिटेलरों) ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ‘उर्वरक रिटेलर वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश’ के बैनर तले कलेक्ट्रेट पहुंचे दुकानदारों ने जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। रिटेलरों का आरोप है कि होलसेल विक्रेता यूरिया खाद की बोरी 385 रुपये में बेच रहे हैं, जबकि सरकार ने इसकी निर्धारित कीमत 362 रुपये 50 पैसे रखी है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष आदर्श कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इससे खुदरा दुकानदार घाटे में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार जिला कृषि अधिकारी से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे यह साबित होता है कि उनकी मिलीभगत होलसेल दुकानदारों से है। रिटेलरों ने श्री श्याम ऑटो सर्विस, दुर्गा दत्त शंकर लाल, राधे ट्रेडिंग कंपनी और श्री श्याम ट्रेडिंग कंपनी जैसी होलसेल दुकानों पर लंबे समय से ओवररेटिंग और कालाबाजारी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जिला कृषि अधिकारी इन पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रहे हैं।
दुकानदारों ने डीएम को दिए ज्ञापन में 12 सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख हैं: पीओएस मशीन में ऐसा सिस्टम लागू हो, जिससे यह पता चले कि किसान कितनी बार यूरिया ले चुका है, सभी रिटेलर दुकानदारों की बंद पड़ी आईएसएम आईडी तुरंत चालू की जाए, रिटेलरों को खाद उचित दर पर उपलब्ध कराई जाए, सभी होलसेल दुकानों की जांच हो और दोषी लोगों पर सख्त कार्रवाई हो, और खाद वितरण की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। इस दौरान ओमप्रकाश त्रिपाठी, नीरज कुमार वर्मा, सत्यव्रत मिश्रा सहित जिले भर से आए सैकड़ों रिटेलर मौजूद थे।