Home उत्तर प्रदेश खाद्य विभाग का ताबड़तोड़ छापा: नौगढ़, ककरहवा और बढ़नी बाजार से पांच...

खाद्य विभाग का ताबड़तोड़ छापा: नौगढ़, ककरहवा और बढ़नी बाजार से पांच नमूने जब्त

SIDHARTHNAGAR NEWS: आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार (3 जुलाई) और शुक्रवार (4 जुलाई) को जिले के नौगढ़, ककरहवा और बढ़नी बाजारों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ और जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
सहायक आयुक्त खाद्य आर.एल. यादव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने नौगढ़ बाजार, ककरहवा बाजार, बढ़नी बाजार और बस स्टॉप चौराहा बढ़नी में विभिन्न दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान कुल पांच नमूने संग्रहित किए गए, जिनमें एक दूध, एक काजू, एक पनीर, एक किशमिश और एक पोहा का नमूना शामिल है। इन सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और मिलावटी खाद्य पदार्थों व खुले मसालों की बिक्री न करने के लिए कड़े निर्देश दिए। इस टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जय प्रकाश, हीरा लाल, रंजन कुमार और नीरज कुमार चौधरी शामिल रहे।