अचानक लगी आग से झोपड़ी, दुकान और गेहूं का डांठ व पुआल जलकर खाक
PRAYAGRAJ NEWS: यमुनापार क्षेत्र के तहसील कोरांव अंतर्गत थाना खीरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसगढ़ी के डीही पटखा गांव में गुरुवार दोपहर अचानक लगी आग से बड़ा नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर एक झोपड़ी, लकड़ी की किराने की दुकान, गेहूं का डांठ (सैंका) और पुआल जलकर खाक हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मोहम्मद अली पुत्र स्वर्गीय मुराद अली के घर से सटे खलिहान में बनी पशुओं की झोपड़ी में लगभग दोपहर 1 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में स्थित लकड़ी की किराने की दुकान तथा गेहूं के डांठ तक पहुंच गई।आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की सूझबूझ से झोपड़ी में बंधे पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, झोपड़ी, दुकान में रखा सामान, करीब सवा बीघे का गेहूं का डांठ तथा पशुओं के चारे के लिए रखा पुआल पूरी तरह जल गया।घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। कुछ समय बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के खेतों में रखे गेहूं के डांठ भी जल सकते थे, जिससे कई किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता।फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, जिससे आसपास के घरों, खलिहानों और खेतों को बड़ी क्षति से बचा लिया।







