Home उत्तर प्रदेश खनवारी में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे राजा भैया, बंधाया ढांढस, दी...

खनवारी में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे राजा भैया, बंधाया ढांढस, दी तीन लाख की आर्थिक सहायता

PRATAPGARH NEWS: जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया शनिवार को बाबागंज विधान सभा क्षेत्र के डंडिया खनवारी गांव पहुंचे। जहां इलाहाबाद जलशाखा नहर में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की दर्दनाक मृत्यु पर उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। गुरुवार को डंडिया, खनवारी निवासी रामनरेश पटेल की पुत्रियां रिया व आंचल तथा अनिल पटेल की पुत्री मोहिनी रंग छुड़ाने के लिए पास से ही गुजरी नहर में गई थीं, जहां डूबने से उनकी दुखद मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। राजा भैया ने पीड़ित परिवारों से मिलकर इस दुःखद घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने पार्टी कोष से आर्थिक सहायता के रूप में रामनरेश पटेल की पत्नी को 2 लाख रुपये तथा अनिल पटेल की पत्नी को 1 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। साथ ही शासन से मृत बच्चियों के परिजनों को रामनरेश पटेल को 8 लाख रुपये व अनिल पटेल को 4 लाख रुपये की सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा जनसत्ता दल परिवार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। इस दौरान बाबागंज विधायक विनोद सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल, प्रतिनिधि हरिओम शंकर श्रीवास्तव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर यादव, प्रमुख बिहार रामचन्द्र सरोज, बाबागंज रामयश सरोज, पूर्व प्रमुख डब्बू सिंह, जिला पंचायत सदस्य बब्लू सिंह, इंद्रदेव पटेल, विनोद यादव, जैकी सिंह, बब्लू पांडेय सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।