फतेहपुर। जनपद में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई का असर राजस्व वसूली में साफ दिखाई दे रहा है। जारी आंकड़ों के अनुसार, विगत दो वित्तीय वर्षों में प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही के चलते कुल 4,27,43,941 रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिज विभाग ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ 2032 मामलों में कार्रवाई करते हुए 10,28,69,853 रुपये का अर्थदंड लगाकर राजस्व वसूला। इसमें अवैध खनन के 6 मामलों में 21,86,620 रुपये, अवैध परिवहन के 2024 मामलों में 9,44,36,761 रुपये तथा अवैध भंडारण के 2 मामलों में 62,46,472 रुपये की वसूली की गई। वहीं, वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1632 मामलों में 9,35,26,465 रुपये तथा वर्ष 2023-24 में 1511 मामलों में 6,94,83,300 रुपये का राजस्व वसूला गया था। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2023-24 की तुलना में 2024-25 में 34.63 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि 2025-26 में पिछले वर्ष की तुलना में 9.99 प्रतिशत अधिक राजस्व वसूला गया। इस प्रकार बीते दो वर्षों में कुल 48.07 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। खनिज विभाग के अनुसार तहसील और जनपद स्तर पर गठित टास्कफोर्स लगातार खनन पट्टों की निगरानी कर रही है और अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी ऐसी कार्यवाहियां लगातार जारी रहेंगी।







