PRAYAGRAJ NEWS: जसरा विकास खंड मुख्यालय के सभागार में अखिल भारतीय प्रधान संगठन, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्येन्द्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में 63 ग्राम प्रधानों की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश सरकार से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय पर कराने की मांग की गई। प्रधानों ने कहा कि यदि किसी कारणवश चुनाव समय पर नहीं कराए जाते हैं, तो पूरे प्रदेश के ग्राम प्रधानों का कार्यकाल चुनाव होने तक बढ़ाया जाए। ऐसी स्थिति में प्रधानों को वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार पहले की तरह ही सुरक्षित रखे जाएं। प्रदेश संगठन के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष काजी मुअज्जम ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक की नहीं, बल्कि प्रदेश के 1514 ग्राम प्रधानों को एकजुट होकर लड़नी होगी। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से 20 अप्रैल को अपने-अपने विकास खंड में खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन देने का आह्वान किया। मुअज्जम ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो उन्हें संघर्ष के बजाय अपने न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। वहीं, ब्लॉक अध्यक्ष दारा सिंह पटेल ने भी 20 अप्रैल को टीप्रधानों से बड़ी संख्या में एकजुट होकर संघर्ष के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक महामंत्री बृजेश बिंद ने किया। इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीलम पथिक, जिलाध्यक्ष सुरेश चन्द्र त्रिपाठी, हीरामणि उर्फ लल्लू सिंह, संतोष जायसवाल, राहुल सिंह, रंजीत गुप्ता, बृजेश सोनकर, विजय बी पटेल, कौशलेंद्र सिंह, राहुल सिंह, शनि सिंह, विराट त्रिपाठी, मंगला प्रसाद, रेनू जायसवाल, सूरज यादव सहित पांच दर्जन से अधिक प्रधान मौजूद रहे।







