PRAYAGRAJ NEWS: मेजा थाना क्षेत्र में 15 मार्च 2026 को एक व्यक्ति की टोंस नदी के पुल से गिरकर मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान रजनीश सोनी पुत्र मुन्ना लाल सोनी के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के रीवा जिले के ग्राम कलवारी थाना सोहागी के निवासी थे। रजनीश अपने ससुराल, बनवारी लाल सोनी पुत्र सरजू प्रसाद के घर पर रहकर अपना इलाज करा रहे थे। परिजनों के अनुसार, रजनीश मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका स्थानीय इलाज भी चल रहा था। आज सुबह वह घर से निकले और कोहड़ार टोंस नदी के पुल से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाया गया। चौकी प्रभारी कोहड़ार अनुज राय ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।







