Home उत्तर प्रदेश कोराव क्षेत्र में ईद की नमाज अदा की गई

कोराव क्षेत्र में ईद की नमाज अदा की गई

5
0

शांति और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गई, सुरक्षा व्यवस्था के रहे कड़े इंतजाम

प्रातःकाल एक्सप्रेस

कोरांव प्रयागराज। कोरांव क्षेत्र में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इस दौरान अमन-चैन और देश की सलामती के लिए दुआएं मांगी गईं। इस्लाम धर्म में ईद-उल-फितर को सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक माना जाता है। पूरे एक महीने तक रोजे रखने के बाद शव्वाल महीने के पहले दिन यह पर्व मनाया जाता है। इस्लामिक मान्यताओं के अनुसार, रमजान के पवित्र महीने में ही पहली बार कुरान शरीफ अवतरित हुई थी। पैगंबर हजरत मुहम्मद के मक्का से मदीना आने के बाद से ही ईद-उल-फितर मनाने की परंपरा शुरू हुई, जो खुशियों के त्योहार के रूप में मनाई जाती है। ईद के अवसर पर घरों में विशेष पकवान बनाए जाते हैं, जिनमें सेवइयां प्रमुख हैं। लोग मेहमानों का स्वागत करते हैं और बच्चों व बड़ों को ‘ईदी’ दी जाती है। इस दिन लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई देते हैं। दान का भी विशेष महत्व होता है, जिसके तहत जरूरतमंदों की मदद करना शुभ माना जाता है।
कोरांव में नई मस्जिद कस्बा में मौलाना शर्फुद्दीन रिजवी ने, अल्हवा नूरानी मस्जिद में सूफी साहब ने, अमिलियापाल में आलिम नूरे नजर साहब ने और देवघाट में शकील हाफिज ने नमाज पढ़ाई। रंगनाथ पहाड़ी ईदगाह महुली, ईदगाह कपुरी, खीरी, छड़ीगड़ा, कोसफरा, संसारपुर, देवघाट, पैतिहा हनुमानगंज और कुदर सहित अन्य स्थानों पर भी नमाज अदा की गई। इस दौरान कोरांव थाना पुलिस पूरी तरह चौकन्ना रही और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
ईद के मौके पर कोरांव में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समाज के हर वर्ग के लोगों ने मुस्लिम समुदाय को ईद की मुबारकबाद दी। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बधाई दी और विशेष पकवानों, खासकर सेवइयों का आनंद लिया। नूरानी मस्जिद अल्हवा में शाम 7 बजे मगरिब की नमाज के बाद सूफी साहब ने इंसानी एहकामात और ईद के फजाइल पर बयान दिया।