कालाबाजारी के आरोप तेज, 1500 से 2000 रुपये में बिक रहा घरेलू गैस सिलेंडर
PRAYAGRAJ NEWS: जिले के कोरांव क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है।हालात यह हैं कि लोग सुबह से लेकर शाम तक गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।एक ओर जिलाधिकारी प्रयागराज द्वारा सोशल मीडिया पर जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया जा रहा है, वहीं जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित उपभोक्ताओं को भी समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि शादी-विवाह जैसे पारिवारिक आयोजनों वाले घरों को मजबूरी में कालाबाजारी का सहारा लेना पड़ रहा है। आरोप है कि गैस सिलेंडर खुलेआम 1500 से 2000 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं, जिससे आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब सरकारी स्तर पर पर्याप्त आपूर्ति का दावा किया जा रहा है, तो स्थानीय स्तर पर यह कमी और कालाबाजारी कैसे हो रही है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गैस की कमी का असर छात्रों पर भी पड़ रहा है। कई छात्र पढ़ाई छोड़कर अपने गांव लौटने को मजबूर हो रहे हैं।क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।स्थानीय प्रशासन से मांग की जा रही है कि कोरांव क्षेत्र में गैस आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की जांच कर पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। मामले में जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष वर्मा से जानकारी लेने हेतु फोन किया गया लेकिन किन्हीं कारणों से कॉल रिसीव नहीं हुई।







