JHANSI NEWS: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी ने बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एसएमएस पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अत्याधुनिक सेवा का उद्घाटन कुलपति प्रो. अशोक कुमार सिंह के करकमलों द्वारा किया गया। यह नवाचार किसानों को उनके मोबाइल फोन पर सरल हिंदी भाषा में कृषि से संबंधित वैज्ञानिक, तकनीकी तथा मौसम आधारित जानकारी प्रदान करेगा। शुभारंभ अवसर पर कुलपति ने 6000 से अधिक किसानों को एसएमएस भेजकर इस सेवा की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर कुलपति डॉ. सिंह ने कहा कि यह पोर्टल विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय किसानों के बीच सेतु का कार्य करेगा। समय पर प्राप्त सटीक जानकारी से किसानों की निर्णय क्षमता में सुधार होगा और कृषि उत्पादकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल न केवल बुंदेलखंड के किसानों के लिए ज्ञान का स्रोत बनेगा, बल्कि उन्हें डिजिटल युग में कृषि नवाचारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी सिद्ध होगा। निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह ने बताया कि यह एसएमएस पोर्टल किसानों को मौसम पूर्वानुमान, उन्नत बीज व उर्वरक संबंधी जानकारी, रोग व कीट प्रबंधन के उपाय जैसी व्यावहारिक व उपयोगी सूचनाएँ सीधे उनके मोबाइल पर भेजेगा। यह प्रयास विश्वविद्यालय के लैव टू लैंड मिशन को सशक्त रूप से आगे बढ़ाएगा। इस प्रकार के एसएमएस प्रत्येक सप्ताह में इस पोर्टल के माध्यम से किसानों को भेजे जांयगे।bइस तकनीकी पहल के विकास और क्रियान्वयन में सहायक प्राध्यापक डॉ. तनुज मिश्रा एवं डॉ. शैलेंद्र कुमार का योगदान रहा।







