Home उत्तर प्रदेश कुशीनगर में एक साथ छह लड़कियां लापता, जांच मे पुलिस

कुशीनगर में एक साथ छह लड़कियां लापता, जांच मे पुलिस

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस, जल्द बरामदगी का दावा_
KUSHINAGAR NEWS: जनपद के कसया क्षेत्र से एक साथ छह लड़कियों के अचानक लापता हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर सात सिद्धार्थनगर (मल्लूडीह) की बताई जा रही है, जहां बुधवार को सभी लड़कियां एक साथ घर से निकलीं लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। परिजनों के अनुसार, सभी लड़कियां सामान्य रूप से घर से निकली थीं,लेकिन काफी देर तक कोई जानकारी न मिलने पर उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान एक छोटे बच्चे ने बताया कि उसने सभी लड़कियों को हाईवे पर एक बस में चढ़ते हुए देखा था। इस सूचना के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। सूचना मिलते ही कसया पुलिस सक्रिय हो गई और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस टीमों ने गांव से बाहर जाने वाले मार्गों, बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर संभावित ठिकानों का पता लगाया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन कुमार सिंह और थाना प्रभारी आशुतोष सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर आवश्यक जानकारी जुटाई और जल्द से जल्द लड़कियों को बरामद करने का आश्वासन दिया।परिजनों ने साथ गई एक लड़की पर संदेह जताया है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इंकार किया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
उक्त सम्बन्ध में सीओ कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सर्विलांस की टीमें लगातार काम कर रही हैं।जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।