गेहूं खरीद, गैस कालाबाजारी, बिजली अनियमितता को लेकर एसडीएम को दिया ज्ञापन
PRAYAGRAJ NEWS: शनिवार को कोरांव तहसील मुख्यालय पर भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने गेहूं खरीद केंद्रों पर मनमानी, बिजली की समस्या और गैस कालाबाजारी को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आईएएस अनिमेष वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित था। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने गेहूं खरीद में बिचैलियों पर अंकुश लगाने और सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों को सुचारू रूप से संचालित करने की मांग की। यह प्रदर्शन संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आयोजित किया गया था। इसी तरह, बिजली की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य ललन सिंह पटेल के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसील सभागार कक्ष के सामने बैठकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने विकासखंड कोरांव के नीबी मरहला गांव में 25 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। नीबी मरहला गांव में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर अधिक लोड के कारण अक्सर खराब हो जाता है, जिसकी शिकायतें पहले भी बिजली अधिकारियों और एसडीएम से की गई थीं। इस मुद्दे पर प्रदर्शनकारियों ने संपूर्ण समाधान दिवस कक्ष के सामने बैठकर विरोध जताया। एसडीएम ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, एसडीओ विद्युत चंद्रशेखर आजाद ने एक सप्ताह के भीतर 25 केवीए के स्थान पर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने का लिखित आश्वासन दिया है।प्रदर्शन के दौरान कोरांव तहसील क्षेत्र में विभिन्न गैस एजेंसियों पर हो रही गैस कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को चेताया और महंगे दामों में बेचे जा रहे सिलेंडरों पर अंकुश लगाने तथा गैस की कालाबाजारी बंद कराने की मांग की। इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक रामकृपाल कोल, भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के जिलाध्यक्ष आनंद प्रकाश शुक्ल उर्फ बबलू शुक्ल, जिलाउपाध्यक्ष सपा राजेश पांडेय, जिला सचिव विनय सोनकर, ओम प्रकाश कुशवाहा, राधेश्याम यादव, उपेंद्र कुशवाहा, मंगल देव कोल, प्रधान संघ के अध्यक्ष रामानुज यादव, शिवदानी पाल, यादवेंद्र अहीर, धर्मवीर कुशवाहा, रोहिणी पाल सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।







