Home Blog कालपी में यमुना की बाढ़ ने बढ़ाई चिंता, किसानों की धड़कनें तेज

कालपी में यमुना की बाढ़ ने बढ़ाई चिंता, किसानों की धड़कनें तेज

JALAUN NEWS: एक बार फिर यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है, जिससे तटवर्ती ग्रामवासियों और किसानों की चिंता बढ़ गई है। रविवार को दोपहर 12 बजे यमुना का जलस्तर बढ़कर 103.20 मीटर तक पहुंच गया। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के अनुसार नदी का जलस्तर प्रति घंटे 45 से 50 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर से तटवर्ती गांवों के किसानों में दहशत का माहौल है। फसलें डूबने का खतरा मंडरा रहा है और ग्रामीणों को अपने घर-बार तक सुरक्षित रखने की चिंता सता रही है। बीते वर्षों की तरह इस बार भी बाढ़ का प्रकोप झेलने की आशंका गहराने लगी है। स्थानीय प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में पानी घुसने का खतरा और बढ़ जाएगा। ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। गौरतलब है कि यमुना का जलस्तर हर साल बरसात के मौसम में खतरे की घंटी बजाता है। ऐसे में अब लोगों की निगाहें प्रशासनिक तैयारियों और मौसम के अगले रुख पर टिकी हैं।