MIRZAPUR NEWS: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर बाजीराव कटरा में केक काटकर उन्हें बधाई दी गई। इसके बाद आयोजित प्रेसवार्ता में जोनल कोऑर्डिनेटर व AICC सदस्य अनिल श्रीवास्तव ने कांग्रेस की आगामी 100 दिनों की कार्ययोजना की घोषणा की। अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा मनरेगा के कानूनी अस्तित्व को कमजोर करने और एसआईआर के जरिए मतदाताओं के नाम काटने की साजिश कर रही है, जिसे कांग्रेस सफल नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि अगले 100 दिनों में प्रदेशभर में संविधान संवाद महापंचायत, मनरेगा बचाओ संग्राम, एसआईआर की निगरानी, पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी और संगठन सृजन अभियान को तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 से सीतापुर से संविधान संवाद महापंचायत की शुरुआत होगी। साथ ही कांग्रेस पार्टी मनरेगा मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये सुनिश्चित कराने के लिए जनआंदोलन करेगी। नवंबर 2026 में होने वाले एमएलसी चुनावों में भी पार्टी पूरी मजबूती से उतरेगी। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष डॉ. अरविंद किशोर राय, शहर अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल, भगवान दत्त पाठक, शिवशंकर चौबे, दीपचंद्र जैन, मिन्हाज अहमद, अर्चना चौबे, राजधर दुबे, अंकुर श्रीवास्तव, राजेंद्र विश्वकर्मा, इमरान खान, शबनम अंसारी, अशोक गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







