Home उत्तर प्रदेश कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्ति से सराबोर हुआ सिठियानी...

कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्ति से सराबोर हुआ सिठियानी गांव

श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, राधे-कृष्ण के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
FATEHPUR NEWS:  अब्दुला नगर (सिठियानी) ग्राम सभा में बुधवार को श्रीमद्भागवत कथामृत वर्षा का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा एवं आकर्षक शोभायात्रा के साथ हुआ। आयोजन के पहले ही दिन श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सिठियानी सहित नरोत्तमपुर, झकराहा, परवाहा और आसपास के गांवों में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा। हर ओर भगवान राधे-कृष्ण के जयघोष और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही। भागवत कथा के शुभारंभ पर निकाली गई कलश यात्रा में सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पीले वस्त्रों में सजी महिलाएं सिर पर कलश रखकर मांगलिक गीत गाते हुए चल रही थीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की लंबी कतार गांव की सड़कों से होकर गुजरती रही और लोग जगह-जगह खड़े होकर दर्शन करते नजर आए।
वैदिक मंत्रोच्चार, बैंड-बाजे और आतिशबाजी के बीच निकली इस भव्य यात्रा में रथ पर सजी राम दरबार की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं युवा डीजे पर बज रहे भजनों पर नाचते हुए भक्ति में लीन दिखाई दिए। करीब चार घंटे बाद कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंची, जहां विधिवत आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान आयोजक मोतीलाल जायसवाल, अमृत लाल जायसवाल, अशोक कुमारी, गीता जायसवाल, रुबी जायसवाल, शिवांगी, आनंद, विक्की, मुकेश कुमार, अंशिका जायसवाल, राजू जायसवाल, वीरेंद्र जायसवाल, उत्कर्ष जायसवाल, प्रमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।