FATEHPUR NEWS: जिले के देवमई ब्लॉक स्थित जगदीशपुर में सोमवार को शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर से कुंवारी कन्याओं ने सिर पर कलश लेकर यात्रा शुरू की। यात्रा बड़ा बंबा तक गई, जहां से जल भरकर पंडाल की ओर लौटी।
यात्रा के दौरान जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह कन्याओं का स्वागत किया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और डीजे की धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। नवरात्रि की शुरुआत कलश स्थापना से होती है। कलश यात्रा इसी परंपरा का सामूहिक रूप है। यह मां दुर्गा की स्तुति और शक्ति उपासना का प्रतीक है। इसमें भक्ति, एकता और संकल्प की भावना झलकती है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के जवान यात्रा के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में निर्मल कुमार मौर्या, मिथलेश कुमार, गोलू सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।







