Home उत्तर प्रदेश कक्षा 8 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से...

कक्षा 8 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा समारोह

KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड कड़ा  के कंपोजिट विद्यालय सौंरई बुजुर्ग में शनिवार को कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ प्रधानाध्यापक रूपा साहू ने किया। इसके बाद उन्होंने कक्षा 8 के विद्यार्थियों को तिलक लगाकर उनका सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वचन दिए। समारोह के दौरान कक्षा 7 के छात्र-छात्राओं ने अपने वरिष्ठ साथियों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भावुक और आनंदमय बना दिया। कई प्रस्तुतियां ऐसी रहीं, जिन्होंने सभी को भावुक कर दिया और विद्यार्थियों के बीच के आत्मीय संबंधों को उजागर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय में बिताए गए सुनहरे पलों को याद किया। कार्यक्रम में शिक्षक अजय कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कक्षा 8 जीवन की एक महत्वपूर्ण सीढ़ी है, लेकिन असली लक्ष्य अभी आगे है। उन्होंने छात्रों से कक्षा 9 में प्रवेश लेकर शिक्षा की निरंतरता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, “सपने वही सच होते हैं, जिनके लिए आप निरंतर मेहनत करते हैं। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ें। अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।” उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें पाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ प्रयास करने की सलाह दी। समारोह के अंत में विद्यार्थियों के लिए नाश्ते में मिठाई, समोसा, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की गई, जबकि भोजन में पूरी-सब्जी परोसी गई। इस अवसर पर शिक्षिका राठौर शशि साहू सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भावुक विदाई के साथ हुआ, जहां छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और यादगार पलों को संजोकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।