विधायक ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर की एक भावनात्मक पोस्ट को साझा
BHADOHI NEWS: जनपद की सियासत में उस समय नई चर्चा शुरू हो गई जब औराई विधानसभा क्षेत्र के विधायक दीनानाथ भास्कर ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में उन्होंने संकेत दिया कि वह सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं और इसकी औपचारिक घोषणा जल्द ही कर सकते हैं।अपने संदेश में उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका और उनके परिवार का जुड़ाव भाजपा के साथ पूर्व की भांति बना रहेगा। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विधायक दीनानाथ भास्कर द्वारा फेसबुक पर किए गए पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई समर्थक उन्हें अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनके लंबे राजनीतिक जीवन और क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना कर रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि दीनानाथ भास्कर वास्तव में संन्यास लेते हैं, तो औराई विधानसभा क्षेत्र में नए नेतृत्व के लिए रास्ते खुल सकते हैं और स्थानीय स्तर पर राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल, पूरे जनपद की नजर उनके अगले कदम पर टिकी हुई है। आने वाले दिनों में उनका फैसला भदोही की राजनीति की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। वैसे राजनीतिक विश्लेषकों का यह भी कहना है कि विधायक दीनानाथ भास्कर संन्यास लेकर अपने पुत्र अमरदीप भास्कर को राजनीति में लाना चाहते हैं। वे अपने बेटे के माध्यम से विधानसभा में अपना वर्चस्व मनाए रखना चाहते हैं। विधायक दीनानाथ भास्कर अपने पुत्र अमरदीप भास्कर के लिए भाजपा से टिकट दिलाने के लिए जमीन तैयार करा रहे हैं। यही वजह है कि इधर विधायक के पुत्र अमरदीप भास्कर राजनीति में काफी सक्रिय हो गए हैं। विधानसभा क्षेत्र में शादी-विवाह सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में वें पहुंच रहे हैं। वहीं मौत की सूचना मिलते ही शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए लोगों के दरवाजे वे पहुंच रहे हैं।







