घाट की सफाई कर स्वच्छता का दिया संदेश
FATEHPUR NEWS: गंगा बचाओ सेवा समिति नमामि गंगे एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में ओमघाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दीपदान किया और मां गंगा की आराधना की।
कार्यक्रम की शुरुआत घाट की साफ-सफाई के साथ हुई, जिसमें उपस्थित लोगों ने स्वच्छता का संकल्प लिया। गंगा बचाओ सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण ‘सिंपल’ के नेतृत्व में आयोजित इस आरती में भक्तों ने श्रद्धा और आस्था के साथ दीप प्रवाहित किए, जिससे पूरा घाट भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। गंगा आरती के दौरान गायत्री परिवार के रवींद्र सिंह ने कहा कि मां गंगा को अविरल और निर्मल बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। वहीं संत वासुदेव ने लोगों से अपील की कि गंगा नदी को प्रदूषित न करें और उसकी स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में डीपीओ ज्ञान तिवारी ने उपस्थित गंगा भक्तों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया और गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर आचार्य रामचंद, आचार्य अखिलेश तिवारी, रामस्वरूप गुप्ता, रवींद्र सिंह, आशा त्रिपाठी, लक्ष्मी सिंह, पुष्पा गुप्ता, वंदना गुप्ता, आशीष गुप्ता, वीरेंद्र साहू, सुरेंद्र पाठक, प्रांशु रस्तोगी, विवेक, माधव दीक्षित, अहम शर्मा, सुमित, शिवम मिश्रा, आर्यन मिश्रा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।







